मैं जानती हूँ कि मैं वक्त से पीछे चल रही हूँ। जब सब लोग जिस विषय पर लिख चुके होते है। उसके बाद ही उस विषय पर मेरा दिमाग चलना शुरू होता है। मगर किसी को याद करने के लिए कोई दिन फिक्स हो यह ज़रूरी तो नहीं जब जिसको याद करने का दिल करे तब उसे याद किया जा सकता है। है ना J
"शिक्षक"
शिक्षक हमारे ज़िंदगी से ताल्लुक रखने वाला वह इंसान होता है। जिसे हमें भगवान का दर्जा देना चाहिए। किन्तु शायद वास्तव में हम उन्हें वो दर्जा नहीं दे पाते, जिस तरह हमारे जीवन में भिन्न-भिन्न प्रकार के लोग सदैव आया करते हैं, उसी प्रकार हमारे जीवन में जिस दिन से हमारी शिक्षा प्रारम्भ होती है, से लेकर उस वक्त तक, जब तक हमारी शिक्षा पूर्ण नहीं हो जाती। न जाने कितने शिक्षक हमारी ज़िंदगी में आते है और आकार चले जाते है। जिनमें से हम कुछ को ही, याद रख पाते है और कुछ को नहीं। बाकी सबको या तो हम याद करते ही नहीं, या फिर याद करते भी हैं तो सिर्फ उस मज़ाकिया नाम से जो हमने ही कभी उन्हें दिया था। देखा जाये तो हमारे जीवन में आने वाला हर शख़्स हमको कुछ ना कुछ सिखाता ही है। माँ से शुरुआत होती है और उसके बाद तो जैसे हर कोई हमारा शिक्षक ही होता है जैसे हम हमारे परिवार के लोग से संस्कार सीखते है। वैसे ही हम अपने दोस्तों से भी बहुत कुछ सीखते है फिर वो अच्छा हो या बुरा, वो अलग बात है।
इंसान बना ही शायद सीखने के लिए है। इसलिए यह सीखने का सिलसिला कभी खत्म ही नहीं होता। ज़िंदगी के हर मोड़ पर नित नए अनुभवों से भी तो हम लगभग रोज कुछ न कुछ सीखते ही है। फिर चाहे कोई सही निर्णय लेकर सीख़ें या फिर कोई गलत निर्णय लेने पर, सीख तो दोनों ही सूरतों में मिलती है।
इस नाते एक तरह से हर इंसान हमारा शिक्षक ही हुआ। लेकिन हम सभी को वह दर्जा नहीं दे सकते जो वास्तव में हमें अपने स्कूल के या कॉलेज के शिक्षकों को देना चाहिए। क्योंकि ज़िंदगी के सही मायने तो वह ही हमको सिखाते हैं। क्या अच्छा है, क्या बुरा है, सही गलत की सही पहचान तो वह ही हमें करवाते हैं। हमारी ज़िंदगी की नींव भी एक तरह से वही रखते हैं। क्योंकि मेरा ऐसा मानना है कि बच्चे के शिक्षा की पहली नींव स्वयं उस बच्चे की माँ रखती है। उसकी पहली पाठशाला उसकी माँ ही होती हैं और अगर यह बात सोलह आने सच है, तो हमारे शिक्षक उस नींव के उपर मकान बनाने जैसा महत्वपूर्ण कार्य करते है। क्यूंकि बिना मकान के अकेली नींव के भी कोई मायने नहीं होते। है ना, और यदि ऐसा ना होता तो भगवान राम के ज़माने में और पांडवों के जमाने में स्वयं उनके माता पिता ने भी अपने बच्चों को शिक्षा दिलाने हेतु गुरुकुल ना भेजा होता। तो हम तो सिर्फ इंसान हैं।
इसलिए शायद कबीर दास जी ने बहुत ही सुंदर शब्दों में कहा था।
“गुरु गोविंद दोनों खड़े, का के लागू पाये,
बली हारी गुरु आपकी गोविंद दियो दिखाये”
बली हारी गुरु आपकी गोविंद दियो दिखाये”
अर्थात् हमें सदा भगवान से पहले अपने गुरु को पूजना चाहिए क्योंकि उन्होने ही तो हमें वह शिक्षा और ज्ञान दिया है। जिसके चलते हम गोविंद को पहचान सके। इसलिए "हे गुरुदेव आपको बहुत-बहुत नमन कि आपने हमको यह शिक्षा प्रदान की जिसके कारण हम गोविंद को पहचान सके"। अथवा यदि आपने हमें यह ज्ञान नहीं दिया होता तो हम कभी गोविंद को सामने पाकर भी पहचान ही नहीं पाते। सच ही तो है जितनी सुंदर बात है। उसे उतने ही सुंदर ढंग से कहा गया है। हमारे जीवन में कुछ गुरु ऐसे भी आये हैं जिन्हें हमने उन दिनों कभी पसंद नहीं किया। जिसके चलते उन दिनों हमारी हमेशा यही कोशिश रहा करती थी कि उनका सामना ना हो, तो ही अच्छा है। मगर आगे जाकर जब हमको यह एहसास होता है, कि उस वक्त वह जो भी कहा करते थे, उसमें हमारा ही हित छुपा होता था।
मगर जिस तरह हर बात के दो पहलू होते हैं, इस बात के भी हैं। आज कल के अध्यापकों में से कुछ एक अध्यापक ऐसे भी हैं जिन्हों ने शिक्षक के नाम को धूल में मिला दिया है और इस कदर बदनाम भी किया है कि जब उस विषय में सुनो या कहीं पढ़ो तो बहुत अफसोस होता है। क्यूंकि जो शिक्षक बच्चे के अंदर ज्ञान का बीज बोता चला आया है। आज वही शिक्षक उसी बच्चे की जान का दुश्मन बन गया है। मैं यह नहीं कहती कि गलती करने पर सजा नहीं मिलनी चाहिए, जरूर मिलनी चाहिए मगर सजा देने का अर्थ होता है, गलती करने वाले को उसकी गलती का एहसास करवाना। ना कि बच्चे को इस कदर मारना पीटना, वह भी इस तरह से कि उसकी जान पर बन आये। क्यूंकि एक बार यदि उसे अपनी गलती का एहसास हो गया तो फिर वह खुद ही कभी आगे वो गलती नहीं दोहरायेगा। लेकिन आज कल तो सजा ऐसी होने लगी है, कि गलती का एहसास हो न हो, मगर बच्चे कि जान जाने की संभावना जरूर बन जाती है, जो कि एक इंसान और एक शिक्षक दोनों होने के नाते बेहद शर्मनाक बात है। क्यूंकि छोटे-छोटे मासूम बच्चों को मार पीट कर नहीं बल्कि स्नेह और समझदारी से समझाया जाना चाहिए। ना कि उनके अंदर अपना डर बैठा कर उन नन्हें फूलों को खिलने से पहले ही, उनकी जमीन से उखाड़ देना चाहिए।
मगर जब हमें इस बात का एहसास होता है, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है।
यहाँ मैं आपको अपने उन दिनों के एक छोटे से अनुभव को साझा करना चाहूँगी। हमारे कॉलेज में अँग्रेज़ी साहित्य में एक अध्यापिका हुआ करती थी। जिनकी उम्र उस वक्त कुछ नहीं तो 50-55 के आस पास रही होगी जिनका नाम तो मुझे याद नहीं मगर वह अपना उपनाम समददर लिखा करती थी। सही क्या था। यह ना हम जानना चाहते थे, और ना ही हम में से कभी, किसी ने यह जानने की कोशिश ही की, बस इतना पता है कि वह जाति से बंगाली थी। हालाँकि शिक्षक का जात से कोई नाता नहीं जो भी इंसान हमें ज्ञान दे, जीवन का सही मार्ग दिखाये वो ही महान होता है। यहाँ मुझे कबीर दास जी का ही एक और दोहा याद आ रहा है।
यहाँ मैं आपको अपने उन दिनों के एक छोटे से अनुभव को साझा करना चाहूँगी। हमारे कॉलेज में अँग्रेज़ी साहित्य में एक अध्यापिका हुआ करती थी। जिनकी उम्र उस वक्त कुछ नहीं तो 50-55 के आस पास रही होगी जिनका नाम तो मुझे याद नहीं मगर वह अपना उपनाम समददर लिखा करती थी। सही क्या था। यह ना हम जानना चाहते थे, और ना ही हम में से कभी, किसी ने यह जानने की कोशिश ही की, बस इतना पता है कि वह जाति से बंगाली थी। हालाँकि शिक्षक का जात से कोई नाता नहीं जो भी इंसान हमें ज्ञान दे, जीवन का सही मार्ग दिखाये वो ही महान होता है। यहाँ मुझे कबीर दास जी का ही एक और दोहा याद आ रहा है।
“जाती न पूछो साधु कि पूछ लीजिये ज्ञान, मोल करो तलवार का पड़ी रहन दो म्यान”
अर्थात यदि हमको किसी वक्ती से ज्ञान प्राप्त हो सकता है तो हमें उसकी जाति पर ना जाकर यानि उसकी जाति क्या है। यह ना जानने में दिलचस्पी दिखाते हुए उसका हुनर क्या है और हम उस से वह हुनर रूपी ज्ञान किस प्रकार सीख सकते हैं, पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। यहाँ तलवार और म्यान को भी इस ही नज़रिये से समझाया गया है कि म्यान और तलवार में से तलवार का ज्यादा महत्व है। खाली म्यान किसी काम की नहीं होती। खैर मैं बता रही थी, अपना अनुभव उन दिनों मेरा अँग्रेज़ी में हाथ बहुत तंग हुआ करता था। अर्थात् मेरी अँग्रेज़ी बहुत कमज़ोर हुआ करती थी। जिसके कारण हम यानी मैं और मेरे कुछ दोस्त हमेशा सबसे पीछे बैठा करते थे और किस्मत का खेल देखिये हमारे साथ रोज़ ही चोट हुआ करती थी। वह, ही हमारी एकमात्र ऐसी अध्यापिका थी। जो हमेशा ही जान बूझ कर पूछने की शुरुवात पीछे से ही किया करती थी। उस वक्त ऐसा लगता था मानो कहाँ फंस गए यार, डाँटते वक्त हमेशा उनका एक निश्चित संवाद हुआ करता था, जिसका उपयोग वो अनिवार्य रूप से किया करती थी। वह था "कुछ नहीं हो सकता तुम लोगों का, देखना बस घर-घर जाकर बर्तन साफ करने जैसा ही काम कर सकते हो तुम लोग, और कहीं किसी प्रकार का काम नहीं मिलेगा तुम को" वगैरा-वगैरा।
मगर हम लोग तो जैसे ढीठ हो गये थे। उनकी यह बातें रोज-रोज सुनकर हमको कोई फर्क ही नहीं पड़ता था। नौबत यहाँ तक आ गई थी कि ऐसा लगता था कब वो आयें और कब हम लोगों से कहें कि तुम लोग यहाँ बैठने लायक ही नहीं हो। चले जाओ मेरी कक्षा से बाहर, यह जुमला सुनना हमारे लिए मजबूरी तो थी ही, साथ-साथ हमारी जरूरत भी थी। क्योंकि इस से पहले कम से कम और कुछ नहीं तो उपस्थिति तो लग जाए फिर कोई वांदा नहीं, जैसे जीने के लिए खाना-पीना, सोना-जागना, ज़रूरी होता है ठीक वैसे ही हमारे लिए उनकी डाँट ज़रूरी हुआ करती थी। जिस दिन वो नहीं आती थी, जैसे खाने में नमक ना हो तो लगता है ना, वैसे उनकी डाँट के बिना सब कुछ फीका बेस्वाद सा लगता था। उनकी डाँट हम लोगों कि रोज कि दिनचर्या में खाने में नमक का काम किया करती थी।
उनका ऐसा कहना गलत नहीं था। वह तो हमेशा हमारा भला ही चाहती थी, मगर हम ही उन्हें नहीं समझते थे। फिर जब कॉलेज खत्म हुए तब कई बार जीवन में इस बात का एहसास हुआ कि काश उन दिनों उनकी बातें मान ली होती तो, आज यह दिन नहीं देखना पड़ता। शिक्षक दिवस पर अकसर लोग सिर्फ अपने पसंदीदा अध्यापक को ही ज्यादा याद किया करते हैं। मगर मैंने इस बार याद किया अपने उन सभी ऐसे अध्यापकों को जिन से उन दिनों मैं बेहद नफ़रत किया करती थी, या उनके पीछे उनका मज़ाक बनाया करती थी। इन सब बातों से जुड़े, नाजाने कितने क़िस्से हैं, मेरे पास जिनको मैं आप सभी के साथ बाँटना चाहती हूँ। मगर यदि सभी का वर्णन करने बैठ गई, तो यह लेख ना रहकर कहानी में तबदील हो जायेगा इसलिए आज के लिए बस इतना ही J इसी के साथ आपने सारे शिक्षकों को याद करते हुए उन सभी को नमन करती हूँ जिनकी बदौलत आज में यहाँ तक पहुँची हूँ .....जय हिन्द

