Monday, 12 September 2011

"MMS" का बढ़ता दुरुपयोग” ज़िम्मेदार कौन (हम या यह आधुनिक तकनीक)



MMS

घबरायें नहीं मैं आपको “रागिनी” MMS के विषय में कुछ कहने या बताने नहीं जा रही हूँ J यह विषय वैसे तो अब बहुत पुराना हो चुका है और आज इस विषय से कोई अंजान नहीं किन्तु फिर भी यदि मैं एक छोटा सा परिचय दूँ, तो यह कहा जा सकता है कि, यह एक ऐसी तकनीक है जो आज कल लगभग सभी MOBILE PHONES में पाई जाती है। जिसके माध्यम से किसी का भी विडियो बना कर संदेश की तरह किसी को भी भेजा जा सकता है। MOBILE आजकल हमारी ज़िंदगी का वो अहम हिस्सा बन गया है कि आदमी एक बार खाने के बिना ज़िंदा रह सकता है मगर MOBILE के बिना नहीं। क्यूँ भाई !! पहले भी तो लोग बिना MOBILE के हँसी ख़ुशी जिया करते थे। फिर आज ऐसा क्या और क्यूँ हो गया है, कि जिसके पास जीवन यापन के लिए अच्छे साधन भले ही, ना हों, मगर MOBILE जरूर होता है।
मुझे आज भी याद है जब हमारे घर में पहली बार LANDLINE फोन लगा था। इतनी ख़ुशी हुई थी हमको कि मैं उस ख़ुशी को शायद यहाँ शब्दों में ब्यान ही नहीं कर सकती। Mobile का उपयोग तो मैंने अपनी शादी के बाद करना शुरू किया था। इसके पहले MOBILE के बारे में जानकारी तो थी, मगर कभी इस्तेमाल नहीं किया था, ना मैंने और ना मेरे घर के किसी सदस्य ने। एक आज का ज़माना है, कि लोगों के पास नयी तकनीक से भरपूर MOBILE होने के बावजूद भी उनको हमेशा अब कौन सा नया मॉडल आया है जानने और लेने की उत्सुकता बनी रहती है।
खैर हम बात कर रहे थे MMS की, आज भी जब आप कोई समाचार पत्र उठा कर देखें, तो उसमें से दो चार समाचार तो आपको इस MMS से संबन्धित विषय पर जरूर मिलेंगे। जैसे फ़लाँ लड़की का MMS चलचित्र लेकर उसके और उसके परिवार वालों को पूरे समाज में बदनाम करने की धमकियाँ दी जा रही है, पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, तफतीश ज़ारी है वग़ैरा-वग़ैरा। इस विषय में सोचती हूँ तो बहुत दुविधा महसूस होती है, कि आखिर कहाँ कमी है। जिसके चलते यह विषय इतना आम हो गया है। इसका ज़िम्मेदार कौन है, हम या यह रोज़ नई तकनीक से भरपूर आने वाले MOBILE फोन। “हम” यहाँ मेरा तात्पर्य हम के रूप में समाज से है। ऐसा मैंने इसलिए कहा क्यूँकि कभी-कभी मुझे ऐसा महसूस होता है, कि इसके ज़िम्मेदार शायद कहीं न कहीं हम भी हो सकते है। शायद हम ही अपने बच्चों को ऐसे संस्कार देने में नाकामयाब हों रहे हैं। जो हमको मिले थे कभी, जिसके चलते हमारी आज की पीढ़ी आधुनिक उपकरणों से इस क़दर प्रभावित हो रही है, कि सब कुछ भुला कर केवल अपना रुझान देखना ही उसे ठीक लगता है। 
अगर हम बात करें नित नई आने वाले आधुनिक तकनीक से भरपूर MOBILE कंपनियों की तो शायद यह कहना गलत नहीं होगा इसमें वह कंपनियाँ ज़िम्मेदार कम और दोषी हम ही लोग ज्यादा हैं। क्योंकि उनका तो काम ही है अपने व्यवसाय को सफलता के शिकार तक पहुंचाना फिर कोई देसी कंपनी हो या विदेशी। यहाँ कुछ लोगों का मानना इस विषय मे यह भी है कि विदेशी कंपनियों ने हमारे यहाँ आकर हमारी कंपनियों को दबा दिया। लेकिन इस मामले में भारतीय कंपनियाँ भी पीछे नहीं है।
कुछ एक कंपनियों से कुछ ऐसे उत्पाद को खुले आम बेशर्मी से बेचा की उसके सकारात्मक प्रभाव कम बल्कि नाकारात्मक प्रभाव ज्यादा सामने आये। जिन्होने जागरूकता फैलाने के नाम पर ऐसी कई चीज़ें है, जो खुले आम बेचा, ऐसी कई चीज़ें हैं जो जागरूकता के नाम पर बिकने लगी है। जिनका पहले परिवार के लोगों तक के सामने जिक्र करना बेशर्मी समझा जाता था। आज जागरूकता फैलाने के नाम पर उन चीज़ों को खुले आम विज्ञापनों के माध्यम से बेचा जा रहा है और ऐसी सभी चीज़ें हर दवाइयों की दुकानों पर आसानी से उपलभ्ध है। जिनका आसानी से गलत फायदा उठाया जा रहा है और जो लोग माँग करेंगे उन्हें वही चीज़ आसानी से उपलब्ध करवाना उनके व्यापार के सफलता का साधन बनता चला गया और आज भी बनता चला जा रहा है। जहां तक मुझे लगता है। व्यवसाय का मुख्य उदेश्य होता है, पहले उपभोगकर्ता का रुझान अपनी और खींचना, फिर उसे उस वस्तु की आदत डलवाना और एक बार जब उपभोगकर्ता उस वस्तु की आदत का शिकार हो जाये तो बस फिर उसे वही चीज़ मन चाहे दामों में हर हालत में उपलब्ध करवाना और शायद यही वजह है, कि नई पीढ़ी नित नये आधुनिक तकनीक से भरपूर व्यसनों की तरफ आसानी से मोहित हो जाती है।

इसी आदत का गलत फायदा उठाते हैं कुछ लोग। मगर यहाँ सवाल यह उठता है कि आखिर इस हद तक लड़कियाँ जाती ही क्यूँ है की कोई उनका MMS बनाकर उनको BLACK MALE कर सके। कोई बता सकता है? यहाँ गलती किस की है। क्यूँ लड़कियाँ इस हद तक जाने लगी है, कि नौबत यहाँ तक आ रही है। शायद इसका एक ही कारण हो सकता है। सही शिक्षा का अभाव जिसे हम संस्कार कह सकते हैं। हाँ मैं इतना जरूर मानती हूँ कि कुछ मासूम लड़कियाँ जरूर इसका शिकार बन जाती है। वो भी इसलिए कि वहाँ जागरूकता की कमी है। अर्थात जानकारी का अभाव है। जहां तक मेरी जानकारी है। किसी भी विषय में जागरूक होने का मतलब होता है। उस विषय की सम्पूर्ण जानकारी का होना और सही तरीके से उस जानकारी का उपयोग करना, ना की जानकारी होते हुए भी उसका दुरूपयोग करना। इसी अभाव के चलते कुछ मासूम लड़कियां इस MMS का शिकार बन जाती है अर्थात उनका MMS बना लिया जाता है। उदहारण के तौर पर (शॉपिंग माल) जैसी जगह में अकसर कपड़े बदलने वाले कमरों में लगे हुए आईने के माध्यम से या फिर छोटे-छोटे (माइक्रो केमरे) के माध्यम से उनका MMS ले लिया जाता है। मगर सभी मासूम नहीं होते। लगता है, "शायद प्यार के मायने बादल गए है" यह भी एक अहम कारण है इस समस्या का, जिसकी लड़कियाँ अकसर शिकार होती है। कुछ अंजाने में और कुछ जान बूझकर भी।  

जिस तरह हर बात के दो पहलू होते हैं। एक अच्छा, एक बुरा, ठीक उसी तरह इस बात के भी दो पहलू हैं। अच्छा यह कि यदि हम MOBILE में उपलब्ध इस सुविधा का सही प्रयोग करें तो बहुत हद तक समाज का भला किया जा सकता है और दुरूपयोग का नतीजा तो आपके सामने आये दिन समाचार पत्रों के माध्यम से आप तक पहुंचता ही रहता है। तो अब सवाल यह उठता है कि आखिर इस समस्या का समाधान हो तो किस प्रकार हो। जहां तक मेरी सोच कहती है। इस समस्या को दो ही तरह से सुलझाया जा सकता है। 
पहला हम अपने बच्चों के दिलो दिमाग में यह बात बिठाने का प्रयत्न करें कि “किसी भी नई तकनीक को जानना या उससे प्रभावित होना कोई गलत बात नहीं है। मगर जरूरत है उससे होने वाले परिणामों की सम्पूर्ण जानकारी रखना” ताकि यदि कोई दूसरा व्यक्ति जब उस उपकरण का गलत उपयोग करे तब आप सावधान रह सको और औरों को भी सावधान कर सको।
दूसरा, जैसा कि मैंने पहले भी कहा था MOBILE फोन आज के युग की जरूरत बन गया है तो यदि आपको अपने बच्चे को MOBILE देना अति आवश्यक है, तो आप उसको ऐसा MOBILE दो जिसमें सिर्फ बात करने और संदेश भेजने की ही सुविधा हो, इससे ज्यादा और कुछ ना हो अर्थात् कम से कम तकनीक का प्रयोग हो लेकिन आज की आधुनिक और चकाचौंध भरी दुनिया में यह बात अब संभव नहीं और यदि किसी तरह संभव हो भी गया तो आपके बच्चे उस MOBILE को इस्तेमाल करने के लिए राज़ी होने से रहे। तो बेहतर यही होगा की आप पहला तरीक़ा अपनायें और अपने बच्चों को भटकने से बचायें। जय हिन्द ...